मुजफ्फरनगर में श्री गोलक धाम का 24वां वार्षिकोत्सव शुरू, जन्माष्टमी महोत्सव में निकलेगी भव्य रथयात्रा

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर के गांधी कॉलोनी स्थित श्री गोलक धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव और धाम का 24वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

महोत्सव के अंतर्गत ध्वजा पूजन और श्री गोलक धाम की परिक्रमा का आयोजन संपन्न हो चुका है। इसके बाद अब श्री गोलक धाम प्रांगण से भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा गांधी कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच पुनः गोलक धाम प्रांगण में पहुंचकर संपन्न होगी।

धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं के साथ-साथ महिला कार्यकर्ताओं में भी विशेष उत्साह है। महिलाएं और श्रद्धालु स्वयं फूल तोड़कर तथा अपने हाथों से सजावट कर मंदिर परिसर को सजाने में जुटे हुए हैं। समिति के सदस्यों के अनुसार महोत्सव में बाहरी भव्यता के साथ-साथ आध्यात्मिक वातावरण को विशेष महत्व दिया जाता है। यहां झांकियों की अपेक्षा संकीर्तन और प्रभु भजन को अधिक महत्व दिया जाता है, ताकि श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और नाम संकीर्तन में अधिक से अधिक जुड़ सकें।

समिति की ओर से बताया गया कि श्री गोलक धाम का यह वार्षिकोत्सव और जन्माष्टमी महोत्सव आगामी 10 सितंबर तक लगातार चलेगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने आमजन से परिवार सहित पहुंचकर भगवान के दर्शन करने और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।

वहीं श्री गोलक धाम समिति ने धार्मिक कार्यक्रमों के निमंत्रण पत्रों को लेकर भी श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है। समिति का कहना है कि किसी भी धार्मिक कार्यक्रम के निमंत्रण कार्ड पर भगवान की तस्वीर नहीं छापी जानी चाहिए, क्योंकि कार्यक्रम के बाद कार्ड का उचित निस्तारण नहीं होने पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। समिति ने अपील की कि निमंत्रण पत्रों पर भगवान की तस्वीर के स्थान पर केवल कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक सूचना ही प्रकाशित की जाए।

इस अवसर पर श्री गोलक धाम समिति के सेवादार पवन छाबड़ा ने महोत्सव की तैयारियों और आयोजन को लेकर जानकारी दी।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *