मुजफ्फरनगर में रालोद महिला प्रकोष्ठ का नारी शक्ति सम्मेलन, रेनू तोमर बनीं जिलाध्यक्ष; गांव-गांव संगठन मजबूत करने पर जोर
रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर के ग्राम मखियाली में सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) महिला प्रकोष्ठ की ओर से नारी शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और महिलाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
सम्मेलन की मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह ने रेनू तोमर को मुजफ्फरनगर की नई जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत किया।
परिणीता सिंह ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी संगठन को मजबूत आधार नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रेनू तोमर से अपेक्षा जताई कि वह महिला संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ ही बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेंगी।
सम्मेलन को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निशा चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव रिचा सिंह और जिला अध्यक्ष संजय राठी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने महिलाओं को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व और जिम्मेदारी देने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही बूथ एवं ब्लॉक स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की बात कही गई।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रेनू तोमर ने वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने और महिला हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष (सामाजिक न्याय मंच) हरेंद्र पाल ने किया। सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष बीना सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्राणी त्यागी, मीरापुर विधायक मिथिलेश पाल की प्रतिनिधि सुप्रिया पाल सहित राष्ट्रीय लोकदल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिला संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा आगामी दिनों में गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #RLD

