चरथावल में अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा, भारी मात्रा में पटाखे और बारूद बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

 राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कस्बा चरथावल के मोहल्ला तीरगरान स्थित एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में तैयार और अधबने पटाखे, विस्फोटक बारूद और सुतली बरामद की है। मामले में आरोपी गुलजार पुत्र इरफान को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक आयुष्मान शर्मा पुलिस टीम के साथ कस्बा चरथावल में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला तीरगरान निवासी गुलजार अपने मकान में अवैध रूप से पटाखे तैयार कर रहा है और उनका भंडारण भी कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम बताए गए मकान पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, गेट की साइड से देखने पर कमरे के अंदर एक व्यक्ति विस्फोटक बारूद की मदद से पटाखे तैयार करता दिखाई दिया। पुलिस की आहट मिलते ही आरोपी दूसरे रास्ते से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

मकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने 156 ठंडे अनार, 105 सुतली बम और 194 एक इंची बुलेट बम बरामद किए। इसके अलावा 1.5 इंची बुलेट बम के 540, .75 इंची बुलेट बम के 994 और एक इंची बुलेट बम के 320 अधबने नग भी मिले। मौके से पटाखों में इस्तेमाल होने वाली फ्यूज की सुतली और सादा सुतली करीब 4 किलोग्राम बरामद की गई।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना चरथावल में अभियोग संख्या 152/26 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 288, 125 बीएनएस तथा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध रूप से तैयार किए जा रहे पटाखों की सप्लाई कहां की जाती थी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण, उपनिरीक्षक आयुष्मान शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल राहुल गिरी और महिला कांस्टेबल कामिनी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *