ट्यूबवेलों से मोटर-पंखा और केबल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान व बाइक बरामद

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना पुलिस ने किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर मोटर, पंखा और बिजली के केबल चोरी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ट्यूबवेल की मोटर व पंखा, भारी मात्रा में बिजली के केबल, तीन चाबियां, दो पाने और चोरी में प्रयुक्त काली डीलक्स बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने क्षेत्र में कई ट्यूबवेलों से चोरी करना स्वीकार किया है।

चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि कसौली निवासी वेदप्रकाश ने 21 अगस्त को खेत से साढ़े सात हॉर्स पावर की मोटर और पंखा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शनिवार को कुटेसरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गोविंद चौधरी, दूधली चौकी प्रभारी मनोज सिंह, हेड कांस्टेबल सोनू सिरोही, सतीश मलिक आदि पुलिस टीम के साथ कुटेसरा नहर पुल पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान घिस्सूखेड़ा की ओर से बाइक पर आए दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपितों की पहचान चौकड़ा निवासी अरुण और अमर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों ने कसौली के अलावा दूधली और रोनी हरजीपुर के जंगलों में ट्यूबवेलों से केबल, स्टार्टर, मोटर, पंखा और कृषि उपयोगी सामान चोरी करने की बात कबूल की। चोरी का सामान सहारनपुर में राह चलते किसानों को बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *