मकान में संदूक का ताला-कुंडा तोड़कर लाखों की नकदी ले उड़े अज्ञात चोर, पुलिस जांच में जुटी

राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के गांव लखान में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब 15 लाख 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोर कमरे में रखे संदूक का ताला और कुंडा तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए। घटना का पता परिवार को सुबह जागने के बाद चला। जानकारी के अनुसार, गांव लखान निवासी राजू पुत्र यशपाल के मकान में रात के समय अज्ञात चोर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे संदूक का ताला और कुंडा तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। सुबह परिजन उठे तो कमरे का गेट खुला मिला और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। संदूक की जांच करने पर उसमें रखी करीब ₹15 लाख 50 हजार की नकदी गायब मिली।

बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान चोरों ने बिस्कुट भी खाए और जाते समय बिस्कुट का पैकेट मौके पर ही छोड़ गए। यह बात ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना तितावी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है। लाखों रुपये की चोरी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *