पुलिस और बदमाश की मुठभेड़, ₹ 25 हजार का इनामी जाफर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुआ घायल

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद में मीरापुर थाना क्षेत्र में भूम्मा पुलिस चौकी के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश की पहचान मेरठ निवासी जाफर अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जाफर अली के खिलाफ छत्तीसगढ़, मेरठ और गाजियाबाद में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, विभिन्न मामलों में वांछित होने के चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, भूम्मा पुलिस चौकी के आसपास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाश ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को पुलिस टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर जानसठ क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से घटना की जानकारी ली। पुलिस द्वारा बरामद हथियार और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार बदमाश के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *