व्हाट्सऐप ग्रुप में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देना दबंग को पड़ा भारी, प्रधान पति की तहरीर पर चरथावल थाने में गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के दधेडू कलां गांव में सोशल मीडिया के माध्यम से कथित गाली-गलौज, अभद्र टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान पति शहजाद की तहरीर पर चरथावल पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चरथावल क्षेत्र के ग्राम दधेडू कलां की ग्राम प्रधान कौसर जहां के पति शहजाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया गया कि रात में हुई भारी बारिश के कारण गांव की मुख्य सड़क पर कुछ स्थानों पर पानी जमा हो गया था। इसी को लेकर गांव के नाम से बने एक WhatsApp ग्रुप में कुछ संदेश और टिप्पणियां की गईं। आरोप है कि दधेडू खुर्द निवासी मुन्ना पुत्र भूरा ने ग्रुप में शहजाद के प्रति अभद्र एवं अश्लील गाली-गलौज वाले संदेश पोस्ट किए शहजाद का आरोप है कि आरोपी लगातार सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से उनके बारे में आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां कर रहा था, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। तहरीर के मुताबिक, जब उन्होंने आरोपी से फोन पर बात की तो कथित तौर पर उनके साथ दोबारा गाली-गलौज की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि राशिद पुत्र निसार की हत्या कर गर्दन काटकर खेत में दबाने की बात कही और इसी तरह शहजाद को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इस धमकी के बाद शहजाद ने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को गाली-गलौज और धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए है चरथावल पुलिस ने बीएनएस की गम्भीर धाराओ में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

