भाकियू ब्लॉक उपाध्यक्ष समद चौधरी के आवास पर किसानों की पंचायत, 8 गुना मुआवजे और हाईवे कट की मांग
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के विकासखंड चरथावल क्षेत्र के ग्राम नगला राई में भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता विकास शर्मा के नेतृत्व में किसानों की महत्वपूर्ण पंचायत आयोजित की गई। पंचायत का आयोजन भाकियू के ब्लॉक उपाध्यक्ष समद चौधरी के आवास पर किया गया। पंचायत में गोरखपुर-शामली हाईवे निर्माण से प्रभावित किसानों की समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पंचायत में किसानों ने सर्वसम्मति से मांग उठाई कि ग्राम नगला राई के समीप हाईवे पर कट दिया जाए, ताकि ग्रामीणों और आसपास के किसानों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों का कहना है कि हाईवे निर्माण के बाद यदि गांव के नजदीक कट की व्यवस्था नहीं की गई तो ग्रामीणों को अपने खेतों और आसपास के गांवों में आने-जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ सकती है।
इसके साथ ही हाईवे निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही कृषि भूमि के बदले किसानों को सर्किल रेट का 8 गुना मुआवजा दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। किसानों ने कहा कि भूमि अधिग्रहण से उनकी खेती और आजीविका प्रभावित होगी, इसलिए उन्हें उचित और न्यायसंगत मुआवजा मिलना आवश्यक है।
पंचायत में आगामी 22 तारीख को आयोजित होने वाली विशाल किसान पंचायत की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। भाकियू नेता विकास शर्मा ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पंचायत में पहुंचने और अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से मजबूती से रखने का आह्वान किया।
इस दौरान नसीम प्रधान, सलीम अहमद, शाहिद राईन, वासिफ राईन, जाकिर राईन, बाबा इब्राहिम, बाबा अब्दुल मजीद, हाजी याकूब, अयूब मलिक, अनीस अहमद, आरिफ राईन, आमिर और समद चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि उनकी मांगों का समाधान होने तक वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

