बारिश के कटाव से मथुरा गांव का मुख्य मार्ग खस्ताहाल, ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी, समाधान की मांग तेज

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के विकास खण्ड चरथावल के ग्राम मथुरा में बारिश के चलते मुख्य मार्ग की हालत बेहद खराब हो गई है। लगातार हुई बारिश से मार्ग पर जगह-जगह कटाव हो गया, जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग की मरम्मत के नाम पर जिम्मेदारों द्वारा महज खानापूर्ति की गई।

बताया गया कि मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए मरम्मत के नाम पर केवल मिट्टी डलवाई गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के पानी के तेज बहाव के कारण डाली गई मिट्टी दोबारा बह गई, जिससे सड़क पर कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बन गई है। ऐसे में पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि मार्ग की मरम्मत के दौरान मिट्टी के बजाय रोड़ी, कंक्रीट या अन्य मजबूत सामग्री का इस्तेमाल किया जाता तो समस्या दोबारा पैदा नहीं होती। खराब रास्ते के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द मौके पर निरीक्षण कराने तथा मार्ग पर कंक्रीट/रोड़ी डलवाकर स्थायी रूप से मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आवागमन सुचारु रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *