अर्टिगा कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत, ई-रिक्शा चालक गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र में सैदपुर-अमीरनगर अंडरपास के पास रविवार को अर्टिगा कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, खंजापुर-बुढ़ाना मोड़ निवासी प्रमोद कुमार पुत्र ईश्वर सिंह ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे। बताया गया कि वह अंडरपास के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज गति से आ रही अर्टिगा कार से उनकी ई-रिक्शा की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया, जिससे प्रमोद कुमार को गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रमोद कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, हादसे के बाद अर्टिगा कार सवार युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर कार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

