महमूदिया मदरसे में शान से फहरा तिरंगा, मौलाना जाहिद हसन बोले- ‘मुल्क बचा रहेगा तो हम बचेंगे’
रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुजफ्फरनगर के सरवट क्षेत्र स्थित महमूदिया मदरसे में देशभक्ति के माहौल के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान शान से तिरंगा फहराया गया। मदरसे के बच्चों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर मदरसे में पिछले करीब 20 वर्षों से मुदर्रिस के रूप में सेवाएं दे रहे जाहिद हसन अमजद बर्लवी ने कहा कि वर्ष 1947 के बाद से हर वर्ष की तरह इस बार भी मदरसे में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के बारे में जानकारी दी जाती है। उन्हें चंद्रशेखर आजाद सहित देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले वीरों के जीवन से प्रेरणा लेने की सीख दी जाती है।
मौलाना जाहिद हसन ने कहा कि “मुल्क है तो हम हैं, मुल्क बचा रहेगा तो हम बचेंगे।” देश की हिफाजत, तरक्की, एकता और भाईचारा सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मन में देशप्रेम की भावना मजबूत करना बेहद जरूरी है, ताकि वे आगे चलकर देश की तरक्की में अपना योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और मदरसा शिक्षकों में खासा उत्साह नजर आया। तिरंगे को सलामी देने के साथ देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में देश में अमन-चैन, खुशहाली, आपसी भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई।
#Muzaffarnagar #IndependenceDay #Madrasa #RajsattaPost

