वायरल वीडियो के बाद दूधली इंटर कॉलेज विवाद गरमाया, धमकी भरे बयान पर मुकदमा दर्ज

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुज़फ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के ग्राम दूधली स्थित महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज का विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कथित तौर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी भरे अंदाज में बयान देता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन की तहरीर पर चरथावल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर आरोपी कहते हुए सुनाई देता है, “नीरज, मेरी बात सुन… अगर वो इस स्कूल को चला दे, हम दूधली में रहना छोड़ देंगे… उससे भी ज्यादा ड्रामे करवाएगा स्कूल में… स्कूल में आने वाली लड़कियों को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही गई हैं…” वीडियो में कार्यवाहक प्रधानाचार्य और विद्यालय की व्यवस्था को लेकर कई विवादित टिप्पणियां भी की गई हैं।
कॉलेज अध्यक्ष रामभूल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वायरल वीडियो में कार्यवाहक प्रधानाचार्य, प्रबंध समिति और विद्यालय की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली बातें कही गई हैं तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार निवासी दूधली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चरथावल थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक मनोज सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *