अमर शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा स्थापना की मांग, राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर को सौंपा ज्ञापन
मुज़फ्फरनगर। 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं अमर शहीद धन सिंह कोतवाल की स्मृति को स्थायी रूप से संरक्षित करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय गुर्जर महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर से मिला। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. रविंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए मुज़फ्फरनगर में धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की।

ज्ञापन में मांग की गई कि मुज़फ्फरनगर के महावीर चौक स्थित राजकीय पुस्तकालय, किसी प्रमुख चौराहे अथवा पुलिस लाइन परिसर में 1857 की क्रांति के अग्रणी नायक अमर शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा स्थापित कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि धन सिंह कोतवाल ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। ऐसे महान क्रांतिकारी के योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. रविंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों का सम्मान किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश के गौरव और सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि मुज़फ्फरनगर में जल्द से जल्द अमर शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा स्थापित कराई जाए, ताकि नई पीढ़ी उनके बलिदान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा ले सके।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य नरेंद्र कुमार (साधु गुर्जर) ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों की स्मृतियों को संरक्षित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि मुज़फ्फरनगर में धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा स्थापित होती है तो युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ने में मदद मिलेगी।
इस दौरान राष्ट्रीय गुर्जर महासभा की ओर से चौधरी ओमपाल आर्य, चौधरी रामफल सिंह दरोगा, चौधरी हरेंद्र सिंह गुर्जर, चौधरी कुलदीप नागर, प्रबंधक निरंजन सिंह, बालेश्वर आर्य, विक्रम गुर्जर, कुलवीर, बृजपाल सहित संगठन के पदाधिकारी और अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost

