दहचंद गांव में शराब के ठेके का ग्रामीणों ने किया विरोध, हटाने की मांग पर प्रदर्शन

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी 

मुजफ्फरनगर जनपद के विकास खंड चरथावल के ग्राम दहचंद में प्रस्तावित शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। किसान नेता एवं भाकियू (अराजनैतिक) चरथावल ब्लॉक अध्यक्ष शशिकांत त्यागी उर्फ काला प्रधान और ग्राम प्रधान सुशील कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर ठेका हटाने की मांग की।

ग्राम प्रधान सुशील कुमार ने बताया कि जिस शराब के ठेके को दहचंद में खोला जा रहा है, उसका लाइसेंस दहचंद गांव का नहीं बल्कि पावटी गांव का है। उनका आरोप है कि पावटी गांव में विरोध होने के बाद ठेके को वहां से हटाकर दहचंद में स्थापित किया जा रहा है, जिसे गांव के लोग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब का ठेका खुलने से सामाजिक वातावरण खराब होगा और युवाओं पर इसका गलत प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गांव को शराब के ठेके की नहीं, बल्कि अस्पताल, स्कूल और सरकारी दवा केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि प्रस्तावित ठेके को तत्काल निरस्त कर अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण जिलाधिकारी आवास पर धरना और भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर हस्तक्षेप की मांग की गई है। फिलहाल गांव में विरोध जारी है और ग्रामीण प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *