2027 के चुनाव में गठबंधन रहेगा जारी, हम एनडीए में ही हैं : जयंत चौधरी
राम मंदिर चढ़ावा मामले की एसआईटी जांच में सच सामने आएगा, किसानों के हित में रॉ शुगर समझौता नहीं होने दिया

अनुज त्यागी

शामली। भारत सरकार में शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी रविवार को जनपद शामली के गांव काबड़ौत पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर के समीप आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा, कौशल विकास, किसानों के हित, एनडीए गठबंधन और राम मंदिर चढ़ावा मामले सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखी।

जयंत चौधरी ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से सबसे अधिक लाभ केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों के बच्चों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय जैसी संस्थाएं सरकारी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों के परिवारों के लिए एक बड़ी सुविधा होती हैं। शामली जिला बनने के बाद लंबे समय से यहां केंद्रीय विद्यालय की मांग की जा रही थी और उन्हें खुशी है कि भारत सरकार ने इस मांग को स्वीकृति देकर जिले के लोगों को बड़ी सौगात दी है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आईटीआई जैसी तकनीकी एवं संस्कारी संस्थाओं को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 7000 करोड़ रुपये की योजना लाई गई है, जिसका लाभ प्रदेश के साथ-साथ शामली जनपद के युवाओं को भी मिलेगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं पर विश्वास रखने और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर जयंत चौधरी ने स्पष्ट कहा कि उनका गठबंधन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि “हम एनडीए में ही हैं और आगामी 2027 के चुनाव में भी गठबंधन जारी रहेगा।”

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक संस्था के पीछे करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी होती है। व्यक्ति आते-जाते रहते हैं लेकिन संस्थाएं कायम रहती हैं। सरकार द्वारा एसआईटी अथवा जो भी जांच कराई जा रही है, उसमें पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यदि कोई सकारात्मक सुझाव होगा तो उस पर भी विचार किया जाएगा।

जयंत चौधरी ने अपने संबोधन में किसानों के हितों का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि विदेशों से रॉ शुगर आयात की अनुमति मिल जाती तो देश के गन्ना किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए रॉ शुगर के समझौते को नहीं होने दिया गया, जिससे प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों के हित सुरक्षित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सुबह से ही पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। केंद्रीय विद्यालय परिसर और जनसभा स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग जयंत चौधरी को सुनने पहुंचे। इस बार की जनसभा की विशेष बात यह रही कि महिलाओं की भागीदारी भी काफी अधिक रही और उन्होंने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री त्रिलोक त्यागी, वरिष्ठ नेता बीरपाल मलिक,कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, बुढाना विधायक राजपाल बालियान, वरिष्ठ नेता अजीत राठी ,मुज़फ्फरनगर राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष संजय राठी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर,पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप मलिक,वरिष्ठ रालोद नेता सुधीर भारतीय, विकास कादियान ,विदित मलिक ­सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *