कराची में रेंजर्स कैंप पर बड़ा आतंकी हमला, 4 जवानों की मौत, 6 हमलावर ढेर
अनुज त्यागी
पाकिस्तान के कराची शहर में शनिवार देर रात सिंध रेंजर्स के एक कैंप पर हुए बड़े आतंकी हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले में चार पाकिस्तानी रेंजर्स जवानों की मौत हो गई, जबकि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में छह हमलावर मारे गए। इसके अलावा एक संदिग्ध हमलावर को जीवित गिरफ्तार किए जाने का दावा भी किया गया है।
बताया जा रहा है कि हमला कराची के मौसमियात चौरंगी इलाके में स्थित सिंध रेंजर्स कैंप पर हुआ, जहां आसपास कई शैक्षणिक संस्थान और पाकिस्तान मौसम विभाग का केंद्र भी मौजूद है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे पहले एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके तुरंत बाद पूरे इलाके में ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई। धमाके और फायरिंग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेंजर्स, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों के खिलाफ अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच करीब 90 मिनट तक मुठभेड़ चली। आखिरकार सुरक्षा बलों ने छह आतंकियों को मार गिराया, जबकि एक संदिग्ध को जिंदा पकड़ने का दावा किया गया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े संगठन जमात-उल-अहरार ने ली है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे की साजिश, हमलावरों के नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की जांच में जुटी हुई हैं।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

