मुजफ्फरनगर में लखनऊ अग्निकांड के मृतक छात्रों को दी गई श्रद्धांजलि, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर। ऑल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के तत्वावधान में शनिवार को झांसी रानी पार्क में एक भावुक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह सभा लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड में जान गंवाने वाले मासूम छात्रों की स्मृति में रखी गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे

सभा की शुरुआत मृतक बच्चों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। माहौल पूरी तरह गमगीन रहा और कई लोग भावुक भी नजर आए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने लखनऊ अग्निकांड में 15 मासूम बच्चों की मौत को अत्यंत दुखद और व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि ये केवल 15 मौतें नहीं हैं, बल्कि 15 परिवारों के सपनों और भविष्य का विनाश है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण यह भयावह हादसा हुआ, जिसे किसी भी स्थिति में माफ नहीं किया जा सकता।

श्रद्धांजलि सभा में सरकार से मांग की गई कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी व्यक्ति या संस्था इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मृतक बच्चों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की भी मांग उठाई गई।

इस अवसर पर ऑल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे और सभी भवनों व संस्थानों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन अनिवार्य करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

सभा में मौजूद समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक ने भी लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और प्रशासन द्वारा की जा रही चेकिंग को सराहा। उन्होंने यह भी कहा कि भवनों के निर्माण और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही उन्होंने अपील की कि इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि वास्तविक और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी शामिल रहे, जिनमें पूर्व सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, जिला अध्यक्ष विक्की चावला, जिला महामंत्री मोहम्मद नदीम अंसारी, विपिन सिंघल, राजकुमार कालरा, पवन बंसल, प्रदीप उतरेजा, अजय सिंघल, कृष्ण गोपाल मित्तल, विजेंद्र अरोड़ा, सुरेंद्र सिंह गंभीर, संजय गोस्वामी सहित ऑल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

सभा के अंत में सभी ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed