15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन नाट्यशाला में बच्चों को मिल रहा अभिनय का प्रशिक्षण
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ के तत्वावधान में मानसी अभिनय गुरुकुल, सहारनपुर एवं ह्यूमैनिटी वेलफेयर सोसायटी, मुजफ्फरनगर के संयुक्त सहयोग से आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन नाट्यशाला में बच्चों को अभिनय और रंगमंच की विभिन्न विधाओं का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
नाट्यशाला में प्रतिभागी बच्चों को वरिष्ठ रंगकर्मी एवं प्रशिक्षक योगेश पंवार द्वारा अभिनय की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें संवाद अदायगी, मंच संचालन, भाव-भंगिमाओं का सही प्रयोग, शारीरिक अभिव्यक्ति तथा रंगमंच की तकनीकी समझ जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को मंच पर अपनी प्रस्तुति को प्रभावी और आकर्षक बनाने के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षक योगेश पंवार ने बताया कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम भी है।
नाट्यशाला में क्रिश वर्मा, सार्थक कौशिक, सक्षम कौशिक, कनिष्क गोयल, सौम्या, सार्थक बंसल, वासु सिंघल, हम्माद, उमर, लवी सिंह, वैभवी, इशमान ग्रोवर और सलीम सहित अनेक प्रतिभागी नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। बच्चे पूरे उत्साह और लगन के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ह्यूमैनिटी वेलफेयर सोसायटी के सचिव मोहम्मद शहवेज़ एवं संस्था की सदस्य साबरा द्वारा निभाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत करने और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस 15 दिवसीय नाट्यशाला का समापन 29 जून 2026 को किया जाएगा। समापन अवसर पर प्रशिक्षक योगेश पंवार के निर्देशन में प्रतिभागी बच्चे नशा मुक्ति, स्वच्छता मेरा धर्म, सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति देंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इस आयोजन को लेकर अभिभावकों और क्षेत्र के सांस्कृतिक प्रेमियों में विशेष उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। लोग इस पहल को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

