शादी में हर्ष फायरिंग पड़ी भारी, देवबंद पुलिस ने तीन युवकों को तमंचों समेत दबोचा
अनुज त्यागी
सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और एक ब्रेजा कार बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना देवबंद पुलिस द्वारा की गई चेकिंग के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग की थी, जिसका वीडियो और अन्य साक्ष्य भी पुलिस के संज्ञान में आए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रियांशु निवासी आर्यनगर, छूटमलपुर तथा सोनू और कुनाल निवासी हुसैन निवादा थाना फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा, पांच जिंदा कारतूस 12 बोर, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस .315 बोर और एक ब्रेजा कार (यूके-08 एपी-2525) बरामद की है।
पुलिस द्वारा की गई बरामदगी और जांच के आधार पर थाना देवबंद में मुकदमा संख्या 456/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शादी समारोह, सार्वजनिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों में हर्ष फायरिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

