सहारनपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, ₹1.25 लाख का इनामी बदमाश ललन सिंह मुठभेड़ में ढेर

असलम त्यागी/अनुज त्यागी

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपद सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र में देर रात हुई कार्रवाई के दौरान ₹1.25 लाख का इनामी कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सहारनपुर डीआईजी अभिषेक के अनुसार, मृतक ललन सिंह उर्फ लल्लन पुत्र शिव शंकर सिंह बिहार के समस्तीपुर जनपद के मोहिउद्दीनपुर थाना क्षेत्र स्थित आनंदगोलवा गांव का निवासी था। वह लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल था और विभिन्न गंभीर मामलों में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कुल ₹1.25 लाख का इनाम घोषित था।

पुलिस जांच के अनुसार, ललन सिंह वर्ष 2022 में वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में पुलिस उपनिरीक्षक अजय यादव की हत्या कर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की चर्चित घटना में वांछित था। इसके अलावा चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र में गोली मारकर लूट की वारदात सहित कई संगीन मामलों में भी उसका नाम सामने आया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ललन सिंह अपने सगे भाइयों के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह संचालित करता था। इस गिरोह पर दो पुलिस उपनिरीक्षकों, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत कुल सात लोगों की हत्या करने के आरोप हैं। इसके अलावा गिरोह द्वारा सरकारी हथियार लूटने, कैश वैन लूट और बैंक डकैती जैसी कई जघन्य वारदातों को अंजाम दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा ₹1 लाख तथा चंदौली पुलिस द्वारा ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी पुलिस और एसटीएफ को आखिरकार सहारनपुर में बड़ी सफलता मिली।

पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ से जुड़े पूरे प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को प्रदेश में सक्रिय संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *