शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
अल्मोड़ा। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके अल्मोड़ा स्थित आवास पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीद अधिकारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके परिजनों से भेंट कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का बलिदान राष्ट्र के लिए अमूल्य है और उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को राष्ट्र कभी नहीं भूल सकता।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पूरा प्रदेश और देश इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि शहीद का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और राष्ट्र उनकी वीरता को हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सैन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से वीर सपूत को अंतिम नमन करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए गौरवपूर्ण बताया।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

