चरथावल में पीडीए पंचायत में सपा नेताओं का शक्ति प्रदर्शन, 2027 में बदलाव का किया आह्वान
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे के रोहाना तिराहे स्थित कमला फार्म हाउस में शनिवार को समाजवादी पार्टी की ओर से चरथावल विधानसभा स्तरीय पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी रही।कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राम आसरे विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इससे पूर्व चरथावल विधायक पंकज मलिक के नेतृत्व में मुख्य अतिथि का फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राम आसरे विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई,बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं और गरीब वर्ग की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज की एकजुटता ही प्रदेश में बदलाव का रास्ता तैयार करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।चरथावल विधायक पंकज मलिक ने अपने संबोधन में क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज आम आदमी की सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में दो थाने आते हैं।मुजफ्फरनगर के पुलिस कप्तान पीड़ितों की बात सुन लेते हैं, लेकिन थानों में कई बार दबाव में काम किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू-मुस्लिम से जुड़े मामलों में भी दबाव के आधार पर कार्रवाई की जाती है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए और प्रशासन को बिना किसी दबाव के कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, चरथावल नगर पंचायत अध्यक्ष मास्टर इस्लामुद्दीन, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सतेंद्र त्यागी, राष्ट्रीय सचिव नौशाद अली, कामिल प्रधान सैदपुरा, सत्तार प्रधान, दीपक प्रधान सहित अनेक नेताओं ने भी विचार व्यक्त किए। पंचायत का संचालन कुशलपाल त्यागी ने किया। इस अवसर पर सुखपाल पुंडीर कसौली, नंदकिशोर पुंडीर, नय्यूम प्रधान, निशांत मलिक, मौलाना नजर मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम में पीडीए समाज की भागीदारी बढ़ाने,संगठन विस्तार तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।

