चरथावल की PDA पंचायत में सपा ने भरी 2027 चुनाव की हुंकार, किसानों-बेरोजगारों के मुद्दों पर भाजपा को घेरा

चरथावल। समाजवादी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान के तहत मुजफ्फरनगर जनपद की चरथावल विधानसभा के कस्बा चरथावल स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में PDA पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक के समर्थक शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा रहे। पंचायत को मुख्य रूप से सांसद हरेंद्र मलिक, समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, विधायक पंकज मलिक, सत्येंद्र त्यागी, पूर्व चेयरमैन मास्टर इस्लाम त्यागी तथा अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है और PDA समाज के लोगों को जोड़कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सभा में किसानों की समस्याओं, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति सहित आम आदमी से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।

पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और PDA की अवधारणा को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने बदलाव का संकेत दिया है और 2027 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

सांसद हरेंद्र मलिक, जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और विधायक पंकज मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही किसानों, मजदूरों, युवाओं और गरीब वर्ग की वास्तविक आवाज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को सुनने और पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया गया तथा PDA आंदोलन को और मजबूत करने का आह्वान किया गया।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *