50 वर्ष पुरानी मस्जिद पर चला बुलडोजर, हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण के खिलाफ गुलशेर ने लड़ी लंबाई लड़ाई
बड़ौत (बागपत)। बागपत जिले के बड़ौत तहसील क्षेत्र के गांव राजपुर खानपुर में प्रशासन ने तालाब की सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 वर्ष पुरानी मस्जिद के ढांचे को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी गुलसेर ने तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण की शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से की थी। शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली और हाईकोर्ट में याचिका दायर की। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने राजस्व अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश प्रशासन को दिए थे।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम ने भूमि संबंधी अभिलेखों का परीक्षण किया, जिसमें संबंधित निर्माण तालाब की सरकारी भूमि पर पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की और बुधवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एसडीएम बड़ौत, राजस्व विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी और बुलडोजर के जरिए निर्माण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी और स्थानीय लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
जिलाधिकारी बागपत ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने कहा कि जिले में सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Baghpat

