कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने गिनाईं केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां, बोले- बिना भेदभाव के हो रहा विकास

पुरकाजी। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय परिसर में जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार रहे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई तथा आमजन को योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार किसी व्यक्ति, वर्ग या समुदाय का चेहरा देखकर विकास कार्य नहीं करती, बल्कि सभी को समान सम्मान और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है और जनता को पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन मिल रहा है।

मंत्री अनिल कुमार ने किसानों का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने किसान हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। गन्ना किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं और गन्ने का मूल्य 400 रुपये तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि अगली बार इसे 400 के पार ले जाने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय किसानों का भुगतान वर्षों तक लंबित रहता था, जबकि एनडीए सरकार ने बकाया भुगतान कराने के साथ-साथ समय पर भुगतान सुनिश्चित किया है। प्रदेश में गन्ना उत्पादन बढ़ा है और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से बिना थके और बिना अवकाश लिए देश सेवा में समर्पित हैं। उनकी नीतियों के कारण देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जन कल्याण शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से जनता को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल और भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुरकाजी विधानसभा के लिए यह गर्व की बात है कि क्षेत्र को कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रतिनिधित्व मिला है। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार से अधिक समय जनता के बीच बिताते हैं क्योंकि पूरी विधानसभा उनका परिवार है और जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल जनता को आरक्षण और संविधान के नाम पर भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण पूरी तरह सुरक्षित है और संविधान को कोई खतरा नहीं है। जनता को ऐसे भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी प्रदेश में एनडीए गठबंधन की सरकार बनेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक दल के जिलाध्यक्ष संजय राठी ने की जबकि संचालन मनोज चौहान ने किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, तहसीलदार विनय कुमार द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी ओंकार सिंह, गन्ना समिति अध्यक्ष अनिल त्यागी, रालोद वरिष्ठ नेता चौधरी धर्मेंद्र राठी, भाजपा नेता डॉ. संदीप कुमार वर्मा, बशारत खान, धीर सिंह प्रधान, भारत सिंह गुर्जर, वीरेंद्र गुर्जर, गोधन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन शर्मा, मेघराज प्रधान, नरेश प्रधान, राहत प्रधान, पंकज त्यागी, विजयपाल त्यागी, केबिनेट मंत्री प्रतिनिधि विनय मित्तल, विपिन गोयल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *