मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन नहीं होने देगा सर्वे के आधार पर उत्पीड़न,लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों पर नहीं चलने देंगे औषधि विभाग की सर्वे की आरी
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला परिषद प्रांगण स्थित मैक्स एंटरप्राइजेज कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर में औषधि विभाग द्वारा सर्वे के आधार पर लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और उत्पीड़न के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में जो दवा व्यापारी विधिवत लाइसेंस लेकर निर्धारित स्थानों पर नियमों के अनुरूप अपना व्यवसाय कर रहे हैं, उन्हीं को सर्वे के नाम पर परेशान किया जा रहा है। इससे पूरे दवा व्यापार जगत में रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि वे सभी सरकारी नियमों का पालन करते हुए कारोबार कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें अनावश्यक जांच और कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि दूसरी ओर ऐसे लोग, जो अवैध रूप से दवाओं का कारोबार कर रहे हैं अथवा नशीली और प्रतिबंधित दवाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं, उनके विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे वैध व्यापारियों में असंतोष बढ़ रहा है और वे स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने प्रदेश के प्रमुख सचिव एवं मुख्य सचिव से मांग की कि लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों का उत्पीड़न तत्काल बंद कराया जाए तथा कार्रवाई का केंद्र उन लोगों को बनाया जाए जो अवैध रूप से दवाओं का कारोबार कर रहे हैं या दवाओं के दुरुपयोग में संलिप्त हैं। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि वैध व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो प्रदेशभर के दवा व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान, संस्थापक चेयरमैन प्रमोद मित्तल, चेयरमैन सतपाल सिंह, संरक्षक डॉ. आर.के. गुप्ता, जिला कोऑर्डिनेटर सुधीर मटरोजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश सोम, कार्यवाहक महामंत्री दिव्य प्रताप सोलंकी, कोषाध्यक्ष सतीश तायल, संगठन मंत्री सुबोध जैन, सचिन त्यागी, कुलदीप शर्मा, पंकज तनेजा, विकास दीप तोमर, संदीप चौहान सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

