टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहयोग आवश्यक : विधायक पंकज मलिक

मुजफ्फरनगर। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और इसे सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चरथावल क्षेत्र के विधायक पंकज मलिक ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।

विधायक पंकज मलिक ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या अन्य टीबी संबंधी लक्षण दिखाई दें तो वह बिना किसी संकोच के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से न केवल मरीज स्वस्थ हो सकता है, बल्कि बीमारी को अन्य लोगों तक फैलने से भी रोका जा सकता है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मरीजों की पहचान, निशुल्क जांच, दवा वितरण तथा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से टीबी मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे टीबी के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करें, मरीजों के साथ भेदभाव न करें तथा उन्हें पूरा उपचार लेने के लिए प्रोत्साहित करें।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनसहयोग सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाए तो मुजफ्फरनगर को जल्द ही टीबी मुक्त जनपद बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, जिला समन्वयक टीबी कार्यक्रम सहवान उल हक तथा संजीव शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *