हापुड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश श्याम मुठभेड़ में ढेर, पुलिस के हेड कांस्टेबल को लगी गोली

सौरभ दुबे/अनुज त्यागी

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना हापुड़ नगर और थाना हापुड़ देहात की संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश श्याम मारा गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक हापुड़ ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि 18 और 19 जून की मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे थाना हापुड़ नगर पुलिस की टीम बुलंदशहर रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक घुमाकर पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार होने लगा।

संदिग्ध के भागने पर पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा शुरू कर दिया और कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्रसारित की गई। सूचना मिलते ही जिले के अन्य थानों की पुलिस भी सक्रिय हो गई। इसी क्रम में थाना हापुड़ देहात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्राम गोदी की तरफ से बदमाश की घेराबंदी कर दी।

दोनों ओर से पुलिस को देख खुद को घिरा हुआ महसूस करने पर बदमाश सादिकपुर और गोदी गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर मुड़ गया और एक ट्यूबवेल की आड़ ले ली। वहां से उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग के दौरान बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मनोज कुमार भी घायल हो गए, जिनका उपचार सीएचसी में जारी है।

पुलिस द्वारा मृतक की पहचान श्याम पुत्र वीरेंद्र निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर के रूप में की गई। पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि श्याम बीती 1 जून 2026 को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला गिरधारीनगर में व्यापारी नरेंद्र अग्रवाल के परिवार और चौकीदार को बंधक बनाकर की गई डकैती और लूटपाट की घटना में वांछित चल रहा था। इस मामले में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसपी ने बताया कि मृतक बदमाश का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ जनपद मुरादाबाद में डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा डकैती कांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

बाइट:- ज्ञानंजय सिंह, पुलिस अधीक्षक (हापुड़)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *