पुरकाजी में कल लगेगा जन कल्याण शिविर, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार करेंगे शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खण्ड पुरकाजी में 19 जून 2026 को जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार होंगे। उनके द्वारा शिविर का शुभारंभ किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी।
शिविर में ग्रामीणों एवं पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही विभागीय स्टॉलों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान एवं आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सहायता भी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण, प्रमुख क्षेत्र पंचायत मालती रानी तथा खण्ड विकास अधिकारी ओमकार सिंह, कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि विनय मित्तल सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
प्रशासन की ओर से अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

