रोहाना गन्ना समिति की बैठक में किसानों के हितों पर हुई चर्चा, आरओ वाटर कूलर का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। सहकारी गन्ना विकास समिति रोहाना की प्रबंध समिति की बैठक समिति सभापति अनिल त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गन्ना किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में गन्ने की फसल को कीटों से सुरक्षित रखने के लिए शुगर मिल द्वारा कीटनाशक दवाई के छिड़काव की व्यवस्था कराने, किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर विशेष छूट प्रदान करने तथा प्रस्तावित गन्ना किसान गोष्ठी भवन के निर्माण संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने किसानों के हित में इन योजनाओं को शीघ्र लागू करने पर बल दिया।
इसके अलावा किसान भाइयों की सुविधा के लिए खाद-बीज गोदाम परिसर में स्थापित आरओ वाटर कूलर का शुभारंभ भी किया गया। सभापति अनिल त्यागी, सभी सम्मानित डायरेक्टरों एवं समिति सचिव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि समिति किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी किसान हित सर्वोपरि रहेगा।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

