मुजफ्फरनगर: धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा स्थापना की मांग तेज, मीनाक्षी स्वरूप ने बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखने का दिया आश्वासन
मुजफ्फरनगर
धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा लगाए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ गई है। इसको लेकर राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के अग्रदूत और अमर शहीद क्रांतिकारी धन सिंह कोतवाल गुर्जर की प्रतिमा राजकीय पुस्तकालय महावीर चौक, किसी प्रमुख चौराहे अथवा पुलिस लाइन क्षेत्र में स्थापित की जाए। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उनके ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि धन सिंह कोतवाल ने 10 मई 1857 को मेरठ से अंग्रेजी शासन के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंककर स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी थी।
ज्ञापन में कहा गया कि उनका साहस, राष्ट्रप्रेम और बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है और नई पीढ़ी को उनके योगदान से अवगत कराना आवश्यक है।
ज्ञापन पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने आश्वासन दिया कि आगामी बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा और प्रतिमा स्थापना के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इसी क्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल को भी ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें इस मांग को गंभीरता से विचार करने की अपील की गई।
वहीं बिजनौर लोकसभा सांसद चंदन चौहान की अनुपस्थिति में उनकी धर्मपत्नी एवं समाजसेवी यशिका चौहान ने प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए प्रतिमा स्थापना के प्रयासों में सहयोग का आश्वासन दिया।
इस मौके पर कई सामाजिक और संगठनात्मक पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें हिंदू संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पवार साधु गुर्जर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह गुर्जर, राष्ट्रीय प्रवक्ता ओमपाल आर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामफल सिंह दरोगा, राष्ट्रीय मंत्री कुलदीप नगर, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र सिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष चौधरी राहुल राणा पिपलेहड़ा, राष्ट्रीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नरेश पाल दरोगा, जिला प्रवक्ता महेंद्र सिंह, पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप गुर्जर, जिला संयोजक सत्येंद्र गुर्जर धमात, बोबिन्दर गुर्जर धमात एवं संजय गुर्जर केल्लनपुर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राजसत्ता पोस्ट
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

