लखनऊ: जनेश्वर मिश्र जयंती कार्यक्रम को लेकर सपा की बड़ी तैयारी, राकेश शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आज अखिलेश यादव करेंगे बैठक
लखनऊ
समाजवादी पार्टी ब्राह्मण समाज में अपनी पैठ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में जनेश्वर मिश्र जयंती के अवसर पर लखनऊ में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियों को लेकर आज पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

यह बैठक जनेश्वर मिश्र पार्क में प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए बुलाई गई है, जिसमें आयोजन को भव्य और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा होगी। पार्टी का फोकस इस कार्यक्रम के जरिए ब्राह्मण समाज को विशेष संदेश देने और पीडीए (PDA) के साथ-साथ ब्राह्मण वोट बैंक को साधने पर है।
जानकारी के अनुसार इस आयोजन में सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं माता प्रसाद पांडेय और सनातन पांडेय को सौंपी गई है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा भी आज की बैठक में मौजूद रहेंगे, जहां आयोजन की रणनीति और तैयारियों पर अहम मंथन किया जाएगा।
बैठक में कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और मंडलवार ब्राह्मण सभाओं की तैयारी पर भी चर्चा होगी।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस आयोजन के जरिए सामाजिक समीकरणों को साधते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सकता है।
राजसत्ता पोस्ट
#AnujTyagiPost

