5 अगस्त को जनेश्वर मिश्र पार्क में होगी भव्य जयंती सभा, सपा प्रदेश कार्यालय में हुई रणनीतिक बैठक
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्रा की 5 अगस्त को जनेश्वर मिश्र पार्क, लखनऊ में आयोजित होने वाली जयंती सभा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भर से ब्राह्मण एवं भूमिहार समाज से जुड़े सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी नेताओं ने जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हुए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, बलिया से सांसद सनातन पांडेय, घोसी लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजीव राय, स्वर्गीय जनेश्वर मिश्रा के छोटे भाई तारकेश्वर मिश्रा, कानपुर सदर से विधायक अमिताभ बाजपेयी, पूर्व विधायक संतोष पांडेय,मुज़फ्फरनगर से बॉबी त्यागी इन्द्रलोक सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण और भूमिहार समाज के प्रमुख नेता एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्रा समाजवादी आंदोलन के ऐसे स्तंभ थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज उठाने में समर्पित कर दिया। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। नेताओं ने कहा कि उनकी जयंती पर आयोजित होने वाला कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि सभा नहीं बल्कि समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का अवसर भी होगा।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि जनेश्वर मिश्रा ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया और हमेशा सिद्धांतों के साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में उनके आदर्शों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर लोगों को जयंती समारोह में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
घोसी सांसद राजीव राय ने कहा कि जनेश्वर मिश्रा का जीवन सादगी, संघर्ष और समाजवादी मूल्यों का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। राजीव राय ने कहा कि 5 अगस्त का कार्यक्रम समाजवादी कार्यकर्ताओं की एकता और ताकत का बड़ा संदेश देगा तथा प्रदेश भर से बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे।
राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने कहा कि जनेश्वर मिश्रा का नाम समाजवादी आंदोलन के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण और भूमिहार समाज के लोग हमेशा समाजवादी आंदोलन के साथ मजबूती से जुड़े रहे हैं और इस बार भी बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें।
बैठक में जयंती समारोह की व्यवस्थाओं, विभिन्न जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं की भागीदारी, जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि 5 अगस्त को जनेश्वर मिश्र पार्क में होने वाली जयंती सभा में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता, समर्थक और समाज के प्रबुद्ध लोग शामिल होंगे।
बैठक के अंत में सभी नेताओं और पदाधिकारियों ने एकजुट होकर जनेश्वर मिश्रा की जयंती को ऐतिहासिक बनाने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Lucknow

