CCTV की सख्त निगरानी में उग रहा दुनिया का सबसे महंगा मियाजाकी आम, कीमत 3 लाख रुपये किलो तक
राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थरौली गांव के किसान संदीप चौधरी अपनी अनोखी खेती के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल मियाजाकी किस्म की खेती कर क्षेत्र में नई मिसाल पेश की है। खास बात यह है कि लाखों रुपये कीमत वाले इन आमों की सुरक्षा के लिए पूरे बाग की निगरानी CCTV कैमरों से की जा रही है।
संदीप चौधरी ने वर्ष 2021 में मियाजाकी आम के केवल दो पौधों के साथ इस खेती की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे उन्होंने अपने स्तर पर नए पौधे तैयार किए और आज उनके ऑर्गेनिक बाग में करीब 40 पेड़ तैयार हो चुके हैं। इनमें से 10 से 12 पेड़ों पर इस समय फल लगा हुआ है और इस सीजन में लगभग 14 से 15 किलो उत्पादन की उम्मीद जताई जा रही है।
मियाजाकी आम अपनी लाल और बैंगनी रंगत के कारण “रेड गोल्ड” के नाम से भी जाना जाता है। मूल रूप से जापान में विकसित यह आम दुर्लभता, बेहतरीन गुणवत्ता और सीमित उत्पादन के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहद महंगा बिकता है। इसकी कीमत करीब 2.80 लाख रुपये से 3.30 लाख रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है।
किसान संदीप चौधरी का कहना है कि उन्होंने इंटरनेट के माध्यम से इस खास किस्म के बारे में जानकारी जुटाई थी। इसके बाद उन्होंने इसे अपने बाग में लगाने का फैसला किया और लगातार मेहनत तथा वैज्ञानिक तरीकों से इसकी खेती को आगे बढ़ाया।
संदीप का कहना है कि वह अपने बाग में तैयार होने वाले मियाजाकी आम को 3 लाख रुपये प्रति किलो से कम कीमत पर नहीं बेचेंगे। उनके अनुसार इस आम की खेती में विशेष देखभाल, सुरक्षा और समय की आवश्यकता होती है, इसलिए इसकी कीमत भी उसी अनुरूप है।
उन्होंने बताया कि उनके मियाजाकी आम को लेकर दुबई की एक कंपनी से बातचीत चल रही है। यदि यह समझौता सफल होता है तो थरौली गांव से तैयार होने वाला यह विशेष आम सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचेगा। इससे न केवल किसान को लाभ होगा बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों को भी उच्च मूल्य वाली खेती अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ ऐसी विशेष और उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। संदीप चौधरी की सफलता इसी दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।


