रामपुर में दो साल के इंतजार के बाद प्रेम कहानी का सुखद अंत, बालिग होते ही प्रेमी संग पहुंची पुलिस चौकी, परिवारों की सहमति से हुई शादी

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। अजीमनगर थाना क्षेत्र की खौद पुलिस चौकी में सोमवार को एक युवती अपने प्रेमी के साथ पहुंची और चौकी प्रभारी से कहा, “आज मैं बालिग हो गई हूं, अब हमारे घरवालों को बुलाकर हमारी शादी करा दीजिए।”

जानकारी के अनुसार, युवक और युवती पिछले कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे। हालांकि युवती नाबालिग थी, इसलिए कानूनन उनकी शादी संभव नहीं थी। इसी वजह से बीते दो वर्षों में युवती पांच बार अपने प्रेमी के साथ पुलिस चौकी पहुंच चुकी थी और शादी की गुहार लगा चुकी थी।

हर बार पुलिस ने उसे कानून की जानकारी देते हुए समझाया कि बालिग होने से पहले विवाह नहीं कराया जा सकता। इसके बाद युवती को वापस घर भेज दिया जाता था। लेकिन प्रेमी जोड़े ने हार नहीं मानी और युवती के बालिग होने का इंतजार किया।

सोमवार को जैसे ही युवती ने 18 वर्ष की उम्र पूरी की, वह अपने प्रेमी के साथ एक बार फिर खौद पुलिस चौकी पहुंच गई। दोनों ने चौकी में बैठकर शादी कराने की मांग रखी और वहीं डटे रहे। मामला गंभीर होता देख पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को चौकी बुलाया और आपसी बातचीत कराई।

काफी देर तक चली चर्चा के बाद दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गए। परिवारों की सहमति मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और प्रेमी जोड़े को गांव भेज दिया गया। वहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।

दो साल तक इंतजार, पांच बार पुलिस चौकी के चक्कर और आखिरकार छठी कोशिश में मंजिल मिलने की यह कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे सच्चे प्रेम, धैर्य और कानून के सम्मान की मिसाल के रूप में देख रहे हैं।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *