इमरान मसूद का सपा को संदेश, बोले- राहुल गांधी का हाथ थामिए, तभी बचेगा अस्तित्व
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह सपा को नसीहत नहीं दे रहे हैं, बल्कि मौजूदा राजनीतिक हालात की ओर ध्यान दिला रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समाजवादी पार्टी राहुल गांधी का हाथ मजबूती से थामे रखेगी तो ही राजनीतिक चुनौतियों से उबर पाएगी।
इमरान मसूद ने कहा, “मैं सपा को नसीहत नहीं दे रहा हूं और न ही मैं इतना बड़ा नेता हूं। मैं सिर्फ हालात बता रहा हूं। राहुल गांधी का हाथ मजबूती से थामेंगे तो इस दलदल से बच पाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में छोटे राजनीतिक दलों को कमजोर कर दिया है। उनके अनुसार, जो दल भाजपा के साथ थे या उसके विरोध में थे, उनमें से कई का राजनीतिक अस्तित्व प्रभावित हुआ है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि ऐसे हालात में क्षेत्रीय दलों के लिए सबसे बड़ा सहारा विपक्षी एकता है। उन्होंने कहा, “बचने का एक ही रास्ता है, उसका नाम राहुल गांधी है। उनका हाथ मजबूती से थाम लीजिए, तभी इससे पार पा पाएंगे। इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है।”
इमरान मसूद के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक जानकार इसे विपक्षी गठबंधन और आगामी चुनावी रणनीति के संदर्भ में महत्वपूर्ण बयान मान रहे हैं।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

