चरथावल पुलिस व एसओजी टीम की बड़ी सफलता, गैंगरेप का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दूसरा कॉम्बिंग में गिरफ्तार

राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर में सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चचेरे भाइयों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई फायरिंग में मुख्य आरोपी उमर के पैर में गोली लगी, जबकि उसका चचेरा भाई अब्दुल्ला को कॉम्बिंग अभियान चलाकर दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि चरथावल थाना क्षेत्र की एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी उमर, जो दो बच्चों का पिता है और ईंट-भट्टे पर जेसीबी चलाता था, उसी भट्टे पर पीड़िता भी काम करती थी।

इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि उमर ने बहाने से युवती को बुलाया और अपने चचेरे भाई अब्दुल्ला के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की थीं। मंगलवार को एसओजी और चरथावल पुलिस की टीम का आरोपियों से आमना-सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उमर घायल हो गया, जबकि अब्दुल्ला को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी ने पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *