नशीला पदार्थ सूंघाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी को तीन टीमें गठित
राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस तथा थाना पुलिस की संयुक्त तीन टीमें गठित की गई हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, थाना चरथावल क्षेत्र के गांव लुहारी खुर्द निवासी करीब 24 वर्षीय युवती अपने पिता के साथ क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का कार्य करती है। आरोप है कि 13 जून को भट्ठे पर कार्यरत उमर पुत्र आस मोहम्मद निवासी दधेड़ू खुर्द ने उसे फोन कर बताया कि उसकी मां पास में घास काट रही है और उसे वहां बुला लिया।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह बताए गए स्थान, श्मशान घाट के निकट पहुंची तो वहां पहले से कई युवक मौजूद थे। आरोप के अनुसार, उमर ने रुमाल पर लगा कोई नशीला पदार्थ उसे सुंघा दिया, जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर कच्छौली रेलवे पुल के निकट स्थित गन्ने के खेत में ले जाया गया।
युवती ने आरोप लगाया है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शिकायत के मुताबिक, कुछ आरोपी वारदात को अंजाम दे रहे थे जबकि अन्य युवक बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। पीड़िता का कहना है कि होश आने पर उसने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे धमकाया और वहां से फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार उसे खेत में असहाय अवस्था में छोड़ दिया गया था। बाद में उसने किसी तरह अपने परिचितों और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए। इसके बाद पीड़िता परिवार के सदस्यों के साथ थाना चरथावल पहुंची और आरोपियों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना चरथावल में मुकदमा अपराध संख्या 95/2026 दर्ज कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1), 87 और 123 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना चरथावल पुलिस की संयुक्त तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य संकलन, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

