राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा ने अभिलाष त्यागी को सौंपी हापुड़ जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी
हापुड़। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने संगठन को मजबूत बनाने और समाज के हितों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हापुड़ जनपद के गांव असौड़ा निवासी अभिलाष त्यागी को हापुड़ जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद समाज के लोगों और संगठन पदाधिकारियों ने अभिलाष त्यागी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने कहा कि अभिलाष त्यागी लंबे समय से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुभव, कार्यशैली और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभिलाष त्यागी संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज को एकजुट करने का कार्य पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अभिलाष त्यागी ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को वह पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि त्यागी भूमिहार समाज की एकता, युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा सामाजिक, शैक्षिक और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति की आवाज को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर समाज के गणमान्य लोगों ने उम्मीद जताई कि अभिलाष त्यागी के नेतृत्व में राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा हापुड़ जनपद में और अधिक सक्रिय होकर समाजहित में कार्य करेगी।

