चरथावल में महाराज धीरसिंह पुंडीर जी की भव्य ऐतिहासिक जयंती एवं विशाल शोभायात्रा का हुआ आयोजन

मुजफ्फरनगर। चरथावल कस्बे में वीर शिरोमणि महाराज धीरसिंह पुंडीर जी की भव्य ऐतिहासिक जयंती एवं विशाल शोभायात्रा का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में सर्व समाज के लोगों ने भाग लेकर महाराज धीरसिंह पुंडीर को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

आयोजकों के अनुसार मोहम्मद गौरी को हिरासत में लेने वाले वीर शिरोमणि महाराज धीरसिंह पुंडीर के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए यह ऐतिहासिक आयोजन किया गया। शोभायात्रा चरथावल कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का उत्साह देखने लायक था।

इस अवसर पर मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार, मेरठ और शामली सहित आसपास के कई जनपदों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसके अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से भी सर्व समाज के लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेकर महाराज धीरसिंह पुंडीर के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में धीरसिंह पुंडीर संघर्ष समिति के अध्यक्ष अंकुर राणा एवं उनकी युवा टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उपस्थित लोगों ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बताया और टीम का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पवार, मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष चौहान तथा अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय महासचिव अरुण प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने महाराज धीरसिंह पुंडीर के जीवन, संघर्ष और वीरता पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। शोभायात्रा में शामिल लोगों ने महाराज धीरसिंह पुंडीर के जयघोष लगाए और उनकी गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *