कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को किया नमन, जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

मुजफ्फरनगर। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर स्थित अहिल्याबाई चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुरकाजी विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महानतम शासकों में से एक थीं। उनका संपूर्ण जीवन सेवा, सुशासन, नारी सम्मान, धर्म और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने शासनकाल में समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया और न्यायपूर्ण प्रशासन की मिसाल कायम की।

उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने देशभर में अनेक मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं और जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों को प्रोत्साहित किया। काशी विश्वनाथ मंदिर सहित कई ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के संरक्षण और पुनर्निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके आदर्श आज भी समाज को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन महिलाओं के सशक्तिकरण और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और आदर्शों को अपनाकर ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिला अध्यक्ष संजय राठी, प्रदेश महासचिव रामनिवास पाल, गन्ना समिति के चेयरमैन भोले शंकर, हरेंद्र पाल, जॉनी आर्य, गोपाल एडवोकेट, मोनू कुमार, मोनू पाल, देवेश प्रताप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर चलने और समाजहित में कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *