राजमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई, सपा नेताओं ने किया नमन
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी कार्यालय महावीर चौक पर रविवार को ऐतिहासिक भारत की महान एवं लोकप्रिय शासक राजमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, जिला महासचिव सोमपाल सिंह कोरी तथा अन्य पदाधिकारियों ने राजमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके जीवन, शासन व्यवस्था और समाज के प्रति किए गए योगदानों को याद करते हुए कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की उन महान शासकों में शामिल हैं, जिन्होंने न्यायप्रियता, जनकल्याण और धार्मिक-सांस्कृतिक संरक्षण की मिसाल कायम की।
वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर का शासन निष्पक्ष न्याय व्यवस्था के लिए जाना जाता था। वह स्वयं अपनी प्रजा की समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनका त्वरित समाधान करती थीं। उनके शासनकाल में जनता को न्याय और सुरक्षा का भरोसा मिला, जिसके कारण वह आज भी जनमानस में सम्मानपूर्वक याद की जाती हैं।
उन्होंने बताया कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर ने देश के अनेक प्रमुख तीर्थस्थलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से काशी विश्वनाथ मंदिर और सोमनाथ मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार कराया गया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं और सड़कों का निर्माण करवाकर उन्होंने धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं को बढ़ावा दिया। किसानों, कृषि उत्पादन और व्यापार को प्रोत्साहित करने में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन, जिला उपाध्यक्ष रमेशचंद शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नीटू, अंकित शर्मा, समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर, सपा नेत्री दीप्ति पाल, पूर्व चेयरमैन चौधरी ओमपाल सिंह, मीर हसन, सपा नेता अरशद मलिक, रामपाल सिंह पाल, अनुज कुमार गुर्जर, गगन महावी, फरमान मोनू, तरुण शर्मा, पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

