सूर्या चौहान हत्याकांड: 50 हजार का इनामी बदमाश असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक सिपाही घायल

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है। यह कार्रवाई डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल के निर्देशन में खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने की। बताया जा रहा है कि पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ के कार्यकाल का यह सातवां फुल एनकाउंटर है।

फाइल फोटो मृतक सूर्य चौहान

पुलिस के अनुसार, सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद से असद फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि असद अपने एक साथी के साथ खोड़ा इलाके में आने वाला है। बताया गया कि वह अपने किसी परिचित से पैसे लेने पहुंच रहा था और इसके बाद क्षेत्र छोड़कर फरार होने की तैयारी में था।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी बढ़ा दी। कुछ देर बाद असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में असद गोली लगने से घायल हो गया।

मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल असद को भी तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। हालांकि असद के साथ मौजूद उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

गौरतलब है कि बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या कर दी गई थी। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कई युवक सूर्या पर हमला करते दिखाई दिए थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि असद सहित दो आरोपी फरार चल रहे थे। असद को इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी माना जा रहा था। अब उसके मारे जाने के बाद पुलिस की निगाह इस मामले के अंतिम फरार आरोपी पर है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Ghaziabad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *