गाजियाबाद में पैरालंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी हत्याकांड का खुलासा, पूर्व साथी एथलीट गिरफ्तार
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी की हत्या के मामले में गाजियाबाद पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए उनके पूर्व साथी खिलाड़ी यश खटिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी, जो अंततः हत्या की वजह बनी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे थाना कोतवाली क्षेत्र के साईं कुंज इलाके में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान 24 वर्षीय पैरालंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उनकी गोली मारकर हत्या की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, जिसकी पहचान यश खटिक के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के मुताबिक, यश खटिक और चिराग त्यागी दोनों दृष्टिबाधित खिलाड़ियों की एथलेटिक्स श्रेणी में एक साथ प्रशिक्षण लेते थे। आरोपी ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान चिराग द्वारा की गई शिकायतों के कारण उसका क्वालिफिकेशन रद्द हो गया था। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से चिराग से नाराज था और बदला लेने की योजना बना रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने रंजिश के चलते पिस्टल से चिराग त्यागी पर गोली चलाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में आरोपी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने खेल जगत और क्षेत्र के लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Ghaziabad

