गोल्ड मेडल जीतकर लौटे अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, गाजियाबाद में मिला शव

गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी 25 वर्षीय चिराग त्यागी की हत्या से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। चिराग का शव शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के साईं उपवन में संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि शरीर पर करंट लगने जैसे निशान भी बताए जा रहे हैं।

मुरादनगर के बसंतपुर सैंथली निवासी चिराग त्यागी हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर लौटे थे। वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालिफाई कर चुके थे। शनिवार सुबह वह दिल्ली स्थित हॉस्टल से अपने गांव लौटने के लिए निकले थे, लेकिन शाम को उनका शव गाजियाबाद के साईं उपवन में मिला।

पुलिस के अनुसार चिराग के शव पर गोली लगने के निशान मिले हैं। वहीं चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया शरीर पर करंट लगने की आशंका भी जताई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटनास्थल से चिराग का मोबाइल फोन और बैग बरामद हुआ है, जिससे लूटपाट की आशंका कम मानी जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि चिराग अपने किसी परिचित के साथ साईं उपवन तक पहुंचे थे। पुलिस को मौके पर संघर्ष के संकेत मिले हैं। खून के निशान और घटनास्थल की स्थिति से अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले हाथापाई हुई थी। पुलिस इस मामले को आपसी रंजिश, पेशेवर प्रतिद्वंद्विता, व्यक्तिगत संबंधों और आर्थिक लेनदेन समेत विभिन्न पहलुओं से जोड़कर जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार चिराग की एक युवती से भी मित्रता थी, जिससे उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। पुलिस उनके संपर्कों, मोबाइल कॉल डिटेल और दिल्ली से गाजियाबाद तक के पूरे रूट की जांच कर रही है। मामले के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

चिराग त्यागी किसान मनोज त्यागी के इकलौते पुत्र थे। आंखों से देखने में समस्या होने के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल की थीं। गोल्ड मेडल जीतने के कुछ ही दिनों बाद उनकी हत्या की खबर से परिवार और खेल जगत स्तब्ध है।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

#Ghaziabad #ChiragTyagi #ParaAthlete #UttarPradesh #SportsNews #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *