गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या, कटरा गैंग के सरगना समेत तीन नामजद

गाजीपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के फुलनपुर स्थित बिंदु होटल के संचालक आलोक राय उर्फ डब्लू राय के 29 वर्षीय पुत्र विनीत राय की शुक्रवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार को एडीजी पियूष मोर्डिया, डीआईजी वैभव कृष्ण और एसपी डॉ. ईरज राजा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से मुलाकात की तथा जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया।

परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11 बजे विनीत राय होटल से घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाश होटल पहुंचे और गार्ड से बियर मांगी। बातचीत के दौरान जब विनीत अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली उनके हाथ में लगी। जान बचाने के लिए भागने का प्रयास करने पर बदमाशों ने उन्हें दोबारा निशाना बनाया और सीने सहित शरीर के कई हिस्सों में गोलियां मार दीं।

घटना के दौरान आरोपियों ने होटल के गार्ड शंभू को भी निशाना बनाने की कोशिश की। गार्ड किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। वारदात के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

गंभीर रूप से घायल विनीत राय को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विनीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

विनीत राय ने एमएससी और डी.फार्मा की पढ़ाई की थी और परिवार के बिंदु होटल का संचालन संभाल रहे थे। उनकी शादी पिछले वर्ष 18 मई को हुई थी। परिवार में पत्नी और दो माह की एक बेटी है। उनकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

मृतक के पिता आलोक राय ने कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय पर पुरानी रंजिश और रंगदारी न देने के कारण हत्या करवाने का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर शंकर पांडेय समेत तीन नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। बिहार समेत आसपास के जनपदों में दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

#Ghazipur #CrimeNews #UttarPradesh #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *