चंडीतला थाने के बाहर टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ताओं में नारेबाजी, सांसद कल्याण बनर्जी घायल होने की खबर

पश्चिम बंगाल। हुगली जिले के चंडीतला थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता और कार्यकर्ता अपने गिरफ्तार साथियों की रिहाई की मांग को लेकर थाने पर ज्ञापन देने पहुंचे। ज्ञापन सौंपने से पहले ही टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई, जिससे मौके पर राजनीतिक माहौल गरमा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया तथा दोनों पक्षों को अलग रखने का प्रयास किया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

इस दौरान टीएमसी के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी के घायल होने की खबर सामने आई। कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि चंडीतला थाने में डिपुटेशन देने के लिए जाते समय उन पर हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट लगी। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे लोगों को निशाना बनाया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया। पुलिस ने हालात को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के काफिले पर भी कथित रूप से अंडे और टमाटर फेंके जाने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को और गर्मा दिया है। राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, जबकि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #WestBengal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *