मंगनपुर गाँव में आंधी में खंभों समेत गिरा ट्रांसफार्मर, राहत कार्य में जुटे विद्युतकर्मी

राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर। विकास खंड चरथावल क्षेत्र के गांव मंगनपुर में बीती रात आई तेज आंधी से बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। तेज हवाओं के चलते बिजली के खंभों के जोड़े पर रखा ट्रांसफार्मर खंभों समेत नीचे गिर गया, जिससे पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। रातभर गांव अंधेरे में डूबा रहा और भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आंधी के दौरान कई स्थानों पर पेड़ टूटकर विद्युत तारों पर गिर गए, जिससे बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और आसपास के क्षेत्रों की आपूर्ति भी बाधित हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत व मरम्मत कार्य शुरू किया।

एसडीओ अनिल सोनकर ने बताया कि विभागीय टीम लगातार पेड़ों को हटाने और क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी है तथा जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *