मुज़फ्फरनगर में हिंदू रक्षा दल का विस्तार, शैंकी शर्मा बने जिलाध्यक्ष व हेमंत शर्मा को मिली युवा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
मुज़फ्फरनगर में हिंदू रक्षा दल ने संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से जिला स्तर पर नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। शिव सेना छोड़कर हिंदू रक्षा दल में शामिल हुए शैंकी शर्मा को मुज़फ्फरनगर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि हेमंत शर्मा को युवा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के विस्तार को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश संगठन मंत्री अमित प्रजापति ने दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा कि हिंदू रक्षा दल लगातार प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहा है और युवाओं को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान “जय श्री राम” और “जात-पात की करो विदाई, हिंदू-हिंदू भाई-भाई” जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शैंकी शर्मा ने कहा कि वह पहले की तरह सनातन धर्म और हिंदुत्व की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदू रक्षा दल के मंच से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का काम किया जाएगा और समाजहित के मुद्दों पर हमेशा सक्रिय रहेंगे।

वहीं युवा जिलाध्यक्ष हेमंत शर्मा ने कहा कि युवाओं को संगठन से जोड़कर हिंदू समाज को संगठित करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की ताकत से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और हर जरूरतमंद की आवाज उठाई जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश संगठन मंत्री अमित प्रजापति, पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रचारक सन्नी बजरंगी, जिलाध्यक्ष बागपत गौरव राणा, जिला सुरक्षा प्रमुख बागपत मोहित पहलवान, गौ रक्षा प्रमुख बागपत ऋतिक तोमर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

