मुजफ्फरनगर में बिजली विभाग की आधी रात छापेमारी, खालापार में 15 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी
मुजफ्फरनगर में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने देर रात बड़ा अभियान चलाते हुए खालापार क्षेत्र में 15 किलोवाट की अवैध बिजली चोरी का खुलासा किया है। रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान 9 उपभोक्ताओं को मीटर बाईपास कर अवैध केबल के जरिए बिजली इस्तेमाल करते पकड़ा गया, जिनके खिलाफ विद्युत अधिनियम-2003 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बताया गया कि चीफ इंजीनियर विनोद कुमार गुप्ता के निर्देशन और अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में विद्युत नगरीय वितरण खंड (वाणिज्य-2) के इंजीनियर कुलदीप सिंह की टीम ने बुधवार देर रात संवेदनशील इलाकों में औचक छापेमारी की। खालापार क्षेत्र में जांच के दौरान कई घरों और प्रतिष्ठानों में मीटरों को बाईपास कर मुख्य लाइन से सीधे अतिरिक्त केबल जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इलाके में लंबे समय से ओवरलोडिंग और लाइन लॉस की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद विजिलेंस और विभागीय कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध केबल और उपकरण जब्त किए तथा मौके की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
बिजली विभाग का कहना है कि चोरी के जरिए विभाग को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा था। सभी आरोपियों के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पिछले एक सप्ताह में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 66 मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए गए हैं।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

